
काशीपुर। चार दिवसीय शौर्य सम्मान समारोह एवं विराट धर्म सम्मेलन धूमधाम से सम्पन्न होने के बाद आज स्वामी श्री हरि चैतन्य महाप्रभु जी को गढ़ीनेगी स्थित श्री हरि कृपा धाम आश्रम से हज़ारों भक्तों ने बहुत ही भावपूर्ण अश्रुपूरित विदाई दी। श्री महाराज जी ने आज राजस्थान की ओर प्रस्थान किया। श्री महाराज जी की भी आँखों में आँसू दिखाई दिए। भावुक होकर उन्होंने अपने गढीनेगी व उत्तराखण्ड के प्रवास को अविस्मरणीय बताया तथा चार दिवसीय शौर्य सम्मान समारोह एंव विराट धर्म सम्मेलन के निर्विघ्न संपन्न होने में असंख्य भक्तों के साथ साथ शासन व प्रशासन को भी धन्यवाद कहा। बिना किसी भेदभाव के रोज़ हज़ारों भक्त सम्मिलित हुए। उन्होंने देवभूमि व यहाँ के वासियों की प्रशंसा व महिमा का बखान करते हुए सभी का आवाहन किया कि कृपया सभी समस्त प्रकार की संकीर्णताओं व मतभेदों को त्यागकर आपसी प्रेम, एकता, सद्भाव व सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखें तथा इस पवित्र भूमि की मर्यादाओं, मूल्यों, विरासतों व ऐतिहासिक व सांस्कृतिक धार्मिक धरोहरों के संरक्षण में अपना महत्वपूर्ण योगदान अवश्य दें।
