प्रयागराज। सेमरा गांव में बुधवार रात दो पक्षों में विवाद हो गया। बेटे के सामने ही उसके पिता की हत्या कर दी गई और पथराव किया गया जिससे अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। सेमरा गांव निवासी अनिल कुमार भारतीया रोजगार सेवक हैं। गांव में पंचायत भवन की मरम्मत कराने के लिए गांव के ही जितेंद्र सिंह से कुछ विवाद हुआ था। बुधवार रात में अनिल अपने पिता गणेश भारतीया के साथ जितेंद्र के घर पर पहुंचा। वहीं पर कहासुनी के बाद फिर तनाव बढ़ गया।
आरोप है कि दूसरे पक्ष ने पहले फायरिंग की और फिर पथराव कर दिया। सिर पर चोट लगने से गणेश वहीं जख्मी होकर गिर गए। इसके बाद उनकी पिटाई कर दी गई। इस दौरान पथराव में गांव के मुन्नी लाल भी जख्मी हो गए। घायल गणेश को अस्पाल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौके पर एसपी गंगापार समेत कई थानों की पुलिस पहुंच गई। एसपी गंगापार अभिषेक ने बताया कि आरोपी जितेंद्र की तलाश चल रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।