देहरादून के चली ट्रेन का विधायक चीमा ने किया स्वागत

काशीपुर। रामनगर से देहरादून के लिए सीधी ट्रेन चलने पर आज यहां ट्रेन पहुंचने पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा व अन्य गणमान्यों द्वारा ट्रेन का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान विधायक चीमा ने कहा कि क्षेत्र के समस्त सम्मानित क्षेत्रवासियों के लिए आज का दिन अत्यंत हर्ष, गौरव एवं ऐतिहासिक महत्व का दिन है। रामनगर से देहरादून के लिए सीधी रेल सेवा का शुभारंभ हमारे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस नई रेल सेवा से देहरादून, हरिद्वार एवं अन्य स्थानों की यात्रा अधिक सुगम होगी, साथ ही कुमाऊँ क्षेत्र में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि मैं इस ऐतिहासिक सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा सांसद का आभार व्यक्त करता हूँ। उन्होंने कहा कि आज देश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेल का अभूतपूर्व आधुनिकीकरण हो रहा है। वंदे भारत, अमृत भारत, स्टेशन पुनर्विकास, रेल विद्युतीकरण और पर्यावरण-अनुकूल हाइड्रोजन ट्रेनों जैसी आधुनिक एवं भविष्य उन्मुख योजनाएँ भारत को विश्वस्तरीय रेल नेटवर्क की ओर अग्रसर कर रही हैं। वहीं, मुख्यमंत्री श्री धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। इस दौरान पूर्व मेयर ऊषा चौधरी, खिलेन्द्र चौधरी, गुरविन्दर सिंह चण्डोक, सुशील शर्मा, मंजू यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपाई मौजूद थे।
