स्विफ्ट कार से अवैध हथियारों का जखीरा बरामद

काशीपुर। एसटीएफ व जनपद ऊधमसिंह नगर पुलिस के ज्वाइंट ऑप्रेशन में गत रात्रि कटोराताल क्षेत्र से एक स्विफ्ट कार से एक पम्प एक्शन बन्दूक 12 बोर, एक राइफल सेमी ऑटोमैटिक .22 बोर, एक पिस्टल सेमी ऑटोमैटिक .32 बोर, एक रिवाल्वर .32 बोर के साथ 237 कारतूस ;विभिन्न बोरद्ध व सात फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किये गये।
एसटीएफ की मॉनिटरिंग में एसटीएफ की कई टीमें कार्यवाही को अंजाम दे रही हैं और अब एसटीएफ द्वारा 03 अभियोग पंजीकृत कराकर संलिप्त 05 अभियुक्तों को अवैध शस्त्र व फर्जी कूटरचित लाइसेंस के साथ जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत एसटीएफ उत्तराखण्ड द्वारा राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानान्तरित होकर आए शस्त्र लाइसेंसों की वैधता एवं सत्यता की जांच के उपरान्त 04 जून 2026 को काशीपुर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया गया था, उसी मुकदमें की विवेचना में कल देर रात्रि उत्तराखण्ड एसटीएफ व जनपद ऊधमसिंह नगर पुलिस ने ज्वाइंट ऑप्रेशन में कार्यवाही करते हुए काशीपुर क्षेत्र से 04 अवैध हथियार व 237 कारतूस एक स्विफ्ट कार से बरामद किये गये। जिन्हें एसटीएफ द्वारा काशीपुर कोतवाली में ले जाकर दाखिल कराया गया। बरामद अवैध शस्त्र, कारतूस, कूटरचित लाइसेंस एवं वाहन मुकदमा उपरोक्त में नामजद अभियुक्त सौरभ अग्रवाल, गौरव अग्रवाल पुत्रगण राकेश अग्रवाल निवासीगण काशीपुर व दीप्ति अग्रवाल पत्नी सौरभ अग्रवाल निवासी काशीपुर के हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, एसटीएफ ने बताया कि एसटीएफ द्वारा राज्य में फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामले की जांच की जा रही है और एसटीएफ द्वारा राज्य में इस सम्बन्ध में विभिन्न जनपदो में 3 अभियोग दर्ज कर संलिप्त 5 अभियुक्तों को जेल भेजा गया है तथा अब तक 5 अवैध शस्त्र व फर्जी लाइसेंस बरामद किये जा चुके हैं। एसटीएफ उत्तराखण्ड टीम में निरीक्षक अरुण कुमार व एमपी सिंह, कां. गुरवंत सिंह, कां. मोहित वर्मा, कां. सोनू पाण्डे शामिल थे।
