Aaj Ki Kiran

मासूम की क्रूरतापूर्वक हत्या कर शव बोरे में डालकर उसी के घर की छत पर फेंका

Spread the love



श्रीगंगानगर। सीमायी श्रीगंगानगर जिले में जिले के पदमपुर थाना इलाके में 6 साल के एक मासूम की क्रूरतापूर्वक हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को बरामद कर उसे स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मासूम का शव उसके ही घर में छत पर बोरे में पड़ा था। इस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। अभी तक हत्या के कारणों और हत्यारों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। मासूम के परिजनों ने इस संबंध में  पड़ोस में रहने वाली एक महिला और उसके पुरुष मित्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है।
  पुलिस के अनुसार मासूम की हत्या की यह वारदात पदमपुर कस्बे की सजना कॉलोनी में हुई। वहां साजन उर्फ सोनू सिंधी के 6 वर्षीय बेटे तुषार का शव उसके अपने ही घर की छत पर पड़ा मिला। तुषार दोपहर बाद से गायब था। परिजनों ने उसे इधर-उधर तलाश लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। इसी दौरान परिजन उसकी तलाश में छत पर गए। वहां एक बोरा पड़ा था। उसे खोलकर देखा तो उसमें तुषार का शव था। यह देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
  इसकी सूचना मिलते ही वहां आसपास के लोगों का जमावड़ा लग गया और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मासूम के शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पदमपुर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का पूरा मुआयना किया। मासूम के गले पर तार के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि संभवतया तुषार का गला घोंटकर उसकी हत्या की गई है। जल्द ही यह खबर पूरे कस्बे में आग की तरह फैल गई।
  पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि साजन उर्फ सोनू सिंधी के 3 बच्चे हैं। तुषार उनमें सबसे छोटा था। साजन के पड़ोस में सुखप्रीत कौर बाजीगर रहती है। लक्ष्मण वर्मा नाम का युवक उसका मित्र है। कुछ दिन पहले सुखप्रीत ने साजन की पत्नी के मोबाइल से उसे फोन किया था। उसके बाद लक्ष्मण के फोन साजन की पत्नी के मोबाइल पर आने लगे। इस पर उसने आपति जताई थी। उसके बाद साजन के परिवार और सुखप्रीत के बीच कुछ विवाद हुआ भी हुआ था। पुलिस पूरे मामले को इस विवाद से जोड़कर हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *