महापौर बाली ने स्वच्छता चौपाल लगाकर जनता से मांगा सफाई के प्रति सहयोग

काशीपुर। शहर को साफ स्वच्छ एवं सुंदर बनाकर काशीपुर को काशी की तरह सजाने हेतु जनता को जागरूक करने के लिए महापौर दीपक बाली ने पूरे प्रदेश में एक अनूठी पहल शुरू करते हुए नगर के वार्ड नंबर 1 में गिरीताल बायपास रोड पर दूसरी स्वच्छता चौपाल लगाकर जनता को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। स्वच्छता चौपाल के मुख्य अतिथि भाजपा के जिलाध्यक्ष मनोज पाल रहे।
स्वच्छता चौपाल में महापौर दीपक बाली ने नागरिकों के साथ शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने को लेकर संवाद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सफाई व्यवस्था की चर्चा करना नहीं, बल्क नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार और भागीदार बनाना भी रहा। महापौर ने कहा कि नगर निगम अकेले पूरे शहर को स्वच्छ नहीं रख सकता। शहर की सफाई व्यवस्था में नगर निगम के साथ प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर का कचरा सड़क, नाली या खाली प्लॉट में डालने की बजाय उसे कूड़ा वाहन में ही डालें। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या में नालियों में जमा प्लास्टिक और पॉलीथीन भी बड़ी बाधा बनते हैं। महापौर ने शहर की जल निकासी व्यवस्था को लेकर कहा कि मुख्यमंत्री धामी का काशीपुर के प्रति विशेष प्रेम ही तो है कि उनके आशीर्वाद के चलते काशीपुर के लिए लगभग 602 करोड़ रुपये की ड्रेनेज योजना तैयार की गई है। इसके प्रथम चरण में रामनगर रोड से मुरादाबाद रोड तक के क्षेत्र को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के लिए लगभग 220 करोड़ रुपये का टेंडर अपलोड किया जा चुका है और 10 सितंबर को इसे खोला जाना है। इसी वर्ष अक्टूबर से काम भी शुरू हो जाएगा। कार्यक्रम में नागरिकों को कचरा पृथक्करण की जानकारी देने के लिए मनोरंजक खेल और गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त शालिनी नेगी, ईश्वर चंद्र गुप्ता, मोहन बिष्ट, प्रदीप पाठक, पार्षद बीना नेगी, पूर्णिमा पाठक, अभिताभ सक्सेना एडवोकेट, राजदीपिका मधुर, चौधरी समरपाल सिंह, सफाई नायक राजेश एवं क्षेत्र के पर्यावरण मित्र सहित वार्ड नंबर 1 के सैंकड़ो गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
