पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण से आमजन को भारी परेशानी, नगर प्रशासन से कार्यवाही की मांग

काशीपुर। प्रशासन की उदासीनता के चलते पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र व ऐतिहासिक स्मारक स्थल छोटा नीम भी भारी अतिक्रमण की चपेट में है और अतिक्रमण यहां लगातार बढ़ता ही जा रहा है। कुछ दुकानदारों द्वारा सड़क तक अपना सामान फैलाकर कब्जा किये जाने से पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को हर दूसरे पल लगने वाले जाम से भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
लोगों का आरोप है कि पुरानी सब्जी मंडी में अतिक्रमणकारियों ने सड़कों को ही अपनी दुकान का हिस्सा बना लिया है। फल, सब्जियां और अन्य सामान सड़क पर रखे जाने के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार इस ज्वलंत समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिणामस्वरूप अतिक्रमण करने वालों के हौसले बुलंद हैं और वे खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते यहां से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। लोगों ने नगर प्रशासन से मांग की है कि पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर सड़क पर फैले अतिक्रमण को यथाशीघ्र हटाया जाए तथा दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। नागरिकों का यह भी कहना है कि शहर को जाम और अव्यवस्था से मुक्त कराने के लिए नगर निगम को नियमित रूप से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाना चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
