पीएनजी गैस वितरण नेटवर्क के विस्तार के सम्बन्ध में केजीसीसीआई ने की अधिकारियों के साथ बैठक

काशीपुर। केजीसीसीआई द्वारा महुआखेड़ागंज औद्योगिक क्षेत्र में प्रस्तावित पीएनजी गैस वितरण नेटवर्क के विस्तार के सम्बन्ध में इण्डियन आॅयल अडानी गैस प्रा. लि. के अधिकारियों एवं क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में इण्डियन आॅयल एण्ड अडानी गैस प्रा. लि., के एसेट हेड सुधांश सक्सेना ने बताया कि वर्तमान में हाई स्पीड डीजल एवं फर्नेस आॅयल जैसे तरल ईधनों के उपयोग एवं परिवहन के दौरान होने वाली क्षति, चोरी जैसी समस्याओं का सामना उद्योगों को करना पड़ता है। इसके अतिरिक्त, इन ईंधनों के परिवहन, भंडारण एवं प्रबंधन की आवश्यकता भी रहती है, जिससे उद्योगों की परिचालन लागत एवं जोखिम बढ़ जाते हैं। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं के समाधान के रूप में पीएनजी की आपूर्ति पाइपलाइन नेटवर्क के माध्यम से सीधे उद्योगों तक की जाती है। प्रदीप कुमार संदल, सीनियर मैनेजर, बिजनेस डेवलपमेंट ने कहा कि औद्योगिक इकाइयों के लिए ईंधन की सतत एवं सुचारु उपलब्धता अत्यंत महत्वपूर्ण है। चैम्बर के महुआखेड़ागंज जोनल चेयरमैन पुनीत सिंघल ने कहा कि पीएनजी अपेक्षाकृत स्वच्छ ईंधन होने के साथ-साथ उद्योगों के लिए एक सुविधाजनक एवं पर्यावरण-अनुकूल ऊर्जा विकल्प है। केजीसीसीआई अध्यक्ष विनीत कुमार संगल ने कहा कि स्वच्छ ईंधन के उपयोग से उद्योग अपने कार्बन फुटप्रिंट को कम करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। इस अवसर पर श्री श्रेयांश अग्रवाल, विजय कश्यप, डीके गोयल, आशीष सरना, शाहिद अहमद, सौरभ जैन, अशोक सिंह, विक्रम अधिकारी, तरुण कुमार शर्मा सहित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। संचालन चैम्बर के महुआखेड़ागंज जोनल चेयरमैन पुनीत सिंघल द्वारा किया गया।
