पंत जयंती समारोह समिति की टीम ने किया पंत पार्क का निरीक्षण

काशीपुर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, भारत रत्न पं. गोविंद बल्लभ पंत की 139वीं जयंती से पूर्व यहां पंत जयंती समारोह समिति की टीम द्वारा स्टेशन रोड स्थित पंत पार्क का निरीक्षण किया गया। इस दौरान व्यवस्थाएं दुरुस्त न होने पर रोष व्यक्त किया गया।
समिति संयोजक दिलीप मेहरोत्रा ने बताया कि प्रतिवर्ष 10 सितंबर को इस पार्क में पंत जयंती समारोह का आयोजन किया जाता है और आयोजन से पूर्व व्यवस्थाएं चैकस रखने का आग्रह प्रशासन से किया जाता है, लेकिन खेद का विषय है कि व्यवस्थाएं सिर्फ आयोजन से एक-दो दिन पहले दुरुस्त की जाती है और वर्ष भर यहां अव्यवस्थाओं का बोलबाला रहता है। फव्वारे में व्याप्त गंदगी इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि नगर निगम में नव स्थापित फव्वारे की भांति पंत पार्क में भी फव्वारे की व्यवस्था सुचारू रहेगी। उन्होंने कहा कि लगातार आग्रह क एक बाद भी प्रशासन की ओर से इस पार्क में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था नहीं की गई है, जिससे यहां असामाजिक तत्व अपने मंसूबे पूरे करने में कामयाब रहते हैं। उन्होंने कहा कि वे इस मुद्दे को इस बार भी गंभीरता से जिलाधिकारी के सम्मुख रखेंगे। वहीं, समिति के महामंत्री गौतम मेहरोत्रा ने बताया कि माल्यार्पण के दौरान आने वाली परेशानी का संज्ञान लेते हुए प्रशासन को पंत जी की प्रतिमा के चारों ओर ग्रिल लगानी चाहिए। निरीक्षण के दौरान सहसंयोजक एम एस रावत, चंद्र भूषण डोभाल, साबिर हुसैन, नीरज यादव, सहसंयोजक अनिल रावत आदि उपस्थित रहे।
