कूड़े वाली गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

काशीपुर। नगर निगम की कूड़े वाली गाड़ी व बाइक की टक्कर में बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जिससे रक्षाबंधन पर्व पर एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गयीं।
मानपुर रोड स्थित हाइडिल कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय युवक आकश पुत्र स्व. हरिओम आज प्रातः लगभग साढे़ ग्यारह बजे अपनी बुलट बाइक संख्या यूके-18 जे-3617 से जा रहा था कि मानपुर रोड पर पॉलिटेक्निक कॉलेज के निकट नगर पालिका का कूड़ा उठाने वाला वाहन ;छोटा हाथीद्ध संख्या यूके-07 सीडी-7220 से उसकी जोरदार टक्कर हो गयी। हादसे में बाइक सवार आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर कटोराताल चौकी पुलिस और चीता मोबाइल मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से उसे उपचार के लिए उजाला अस्पताल, काशीपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम एवं पंचायतनामा की कार्रवाई के लिए एलएनडी भट्ट चिकित्सालय की मोर्चरी पहुंचाया तथा दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस चौकी कटोराताल में खड़ा कराया। दुर्घटना की खबर से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
