किन्नरों द्वारा की जा रही अवैध वसूली के विरोध में काशीपुर कल्याण मंच ने दिया ज्ञापन

ज्ञापन देने के लिए नगर निगम पहुंचे लोग
काशीपुर। नगर व क्षेत्र में किन्नरों द्वारा नेग के नाम पर क्षेत्रवासियों से की जा रही अवैध वसूली से निजात दिलाए जाने की मांग को लेकर काशीपुर कल्याण मंच द्वारा आज नगर निगम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया।
महापौर को संबोधित ज्ञापन में अवगत कराया गया कि काशीपुर कल्याण मंच, पिछले लगभग पांच वर्षों से क्षेत्र के सक्षम अधिकारियों से क्षेत्र में किन्नर समुदाय द्वारा किये जा रहे उत्पीड़न एवं अवैध वसूली के सम्बन्ध में कई बार मौखिक और लिखित में अवगत करा चुका है और हर बार हर अधिकारियों द्वारा मंच को इस अमानवीय दुर्व्यवहार से मुक्ति दिलाने का भरोसा दिया गया लेकिन दुर्भाग्य से इस समस्या का निदान आज तक नहीं हो सका है। ज्ञापन के साथ उच्च न्यायालय इलाहाबाद की लखनऊ बैंच द्वारा पारित आदेश की तीन पृष्ठीय वह प्रति भी सौंपी गई जिसमें उच्च न्यायालय ने स्पष्ट मत व्यक्त किया है कि किन्नर समुदाय द्वारा किसी भी अवसर पर नेग के नाम पर धन शोधन एक अपराध है जिसकी हमारी न्याय प्रणाली आज्ञा नहीं देती। ज्ञापन के माध्यम से काशीपुर कल्याण मंच द्वारा महापौर दीपक बाली से समाज में किन्नर समुदाय द्वारा की जा रही उत्पीड़न की घटनाओं से अतिशीघ्र मुक्ति दिलाने हेतु उचित कार्यवाही किये जाने का आग्रह किया गया है। इस दौरान शेष कुमार सितारा, महेंद्र प्रताप गुप्ता, केके अग्रवाल एडवोकेट, संजय चतुर्वेदी, चक्रेश जैन, सुरेंद्र सागर, आरपी राय, महेश अग्निहोत्री, कैलाश प्रजापति, अमित सक्सेना, विजय चैधरी, राघवेन्द्र नागर, राजकुमार यादव, देशवीर पाल, अशोक पैगिया आदि थे।
