काशीपुर मीडिया सेंटर ने आयोजित किया जनहित संवाद

काशीपुर। काशीपुर मीडिया सेंटर द्वारा आयोजित जनहित संवाद कार्यक्रम में लोकतंत्र के चौथे स्तंभ और प्रशासनिक तंत्र एक मंच पर आए। इस उच्च स्तरीय संवाद में क्षेत्र की गंभीर जनसमस्याओं पर प्रमुखता से मंथन किया गया। पत्रकारों ने प्रशासनिक टीम व चुने हुए जनप्रतिनिधियों के समक्ष ज्वलंत मुद्दे, क्षेत्र की सामाजिक और ढांचागत विसंगतियों को सामने रखा।
काशीपुर मीडिया सेंटर अध्यक्ष दिलप्रीत सिंह सेठी एवं सेंटर के सभी पदाधिकारियों ने जनहित संवाद कार्यक्रम में पहुंचे सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का बुके देकर स्वागत किया। पत्रकारों द्वारा उठाये गये प्रमुख मुद्दों में नगर में नशे का कारोबार, बाल श्रम और बाल भिक्षावृत्ति, चरमराई यातायात व्यवस्था आदि शामिल रहे। निर्माणाधीन व चल रहे फ्लाईओवर से उत्पन्न दिक्कतों को प्रमुखता से रेखांकित किया। कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, उपजिलाधिकारी अभय प्रताप, एस.पी. स्वप्न किशोर, तहसीलदार पंकज चंदोला, एआरटीओ संदीप, काशीपुर कोतवाली प्रभारी हरेंद्र चौधरी, कुंडा कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र कुमार तथा आईटीआई कोतवाली प्रभारी विक्रम राठौर उपस्थित रहे। दोनों पक्षों ने मिलकर क्षेत्र के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए सहयोग से काम करने पर सहमति जताई। कार्यक्रम में काशीपुर मीडिया सेंटर के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
