-पीड़िता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ बलात्कार का केस दर्ज, तलाश में जुटी पुलिस
प्रतापगढ। यूपी के प्रतापगढ़ में ट्रेन का इंतजार कर रही एक महिला यात्री के साथ रेप किया गया है। जंक्शन के प्रतीक्षालय में बैठी महिला टायलेट गई थी, जहां महिला से शौचालय संचालक अन्ना ने रेप किया। घटना के समय पति कुछ सामान लेने गया था। लौटकर जब वह पत्नी को खोजते हुए शौचालय पहुंचा तो वह बेसुध पड़ी मिली। घटना रविवार तड़के 4 बजे की बतायी जा रही है। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के भाइयों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़िता की तहरीर पर आरोपी अन्ना के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज कर उसके तलाश में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि अंतू थाना इलाके का एक युवक अपनी पत्नी के साथ प्रतापगढ़ जंक्शन के प्रतीक्षालय में ट्रेन का इंतजार कर रहा था। भोर में पति खाने पीने का सामान लेने बाहर गया और कुछ देर बाद वापस लौटा पत्नी वहां नहीं थी। इसके बाद वह उसे खोजने लगा। इधर-उधर खोजने के बाद वह शौचालय के भीतर पहुंचा तो पत्नी बेसुध अवस्था मे पड़ी थी। किसी तरह पत्नी को जब होश आया तो उसने बताया कि शौचालय में घुसने के बाद संचालक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और भाग गया। जब पीड़िता प्रतीक्षालय की ओर जा रही थी तो उसकी नजर आरोपी पर पड़ी और उसने पति को बताया। जिसके बाद उसका पति आरोपी युवक से भिड़ गया। लेकिन आरोपी का घर स्टेशन के बाहर ही था। विवाद की जानकारी पर उसके घर के लोग भी आरोपी के साथ मिलकर मारपीट करने लगे। घटना के बाद पीड़ित दम्पत्ति कोतवाली पहुंचे, जहां से उन्हें महिला थाने ले भेज दिया गया। पीड़िता से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी की धरपकड़ के प्रयास में जुट गई। साथ ही पीड़िता की तहरीर पर नामजद केस अन्ना के खिलाफ दर्ज किया। हालांकि आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर है।