https://www.facebook.com/UttarakhandDIPR

कांवरियों के जत्थे काशीपुर पहुंचना शुरू

Spread the love


काशीपुर। महाशिवरात्रि पर्व पर भगवान भोले शंकर का जलाभिषेक करने के लिए हरिद्वार से पवित्र गंगाजल भरकर कांवरियों के जत्थे काशीपुर पहुंचना शुरू हो गये हैं। रुद्रपुर, किच्छा, सितारगंज, खटीमा, बहेड़ी, लालकुआं समेत विभिन्न स्थानों के शिवभक्त कांवर में गंगाजल लेकर काशीपुर पहुंच रहे हैं। इन कांवरियों का स्थानीय भक्तों द्वारा जगह-जगह भंडारे आदि की व्यवस्था कर स्वागत-सत्कार किया जा रहा है। कांवरियों को कोई परेशानी न हो इसके लिए पुलिस ने रूट तय किया है। महाशिवरात्रि पर्व में अब तीन दिन का समय शेष रह गया है। ऐसे में हरिद्वार से कांवर में गंगाजल भरकर लाने वाले दूरदराज के क्षेत्रों के कांवरियों के काशीपुर पहुंचने का क्रम शुरू हो गया है। बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारों से काशीपुर शिवमय हो गया है। काशीपुर में खटीमा, बनबसा, रामपुर, पीलीभीत, सितारगंज, किच्छा, नानकमत्ता, रुद्रपुर, गदरपुर, दिनेशपुर, केलाखेड़ा, बाजपुर और सुल्तानपुर पट्टी आदि स्थानों के कांवरियों का आगमन शुरू हो गया है, जोकि काशीपुर में अल्प विश्राम कर अपनी मंजिल के लिए रवाना हो रहे हैं। कांवड़ियों का जोश देखते ही बन रहा है। वे भोले के भजनों पर झूमते नाचते गाते नजर आ रहे हैं। उधर, कांवड़ियों के लिए काशीपुर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। एसपी काशीपुर अभय सिंह ने शहर में जगह-जगह पुलिस की टीमों को तैनात किया है, जो कि मुस्तैदी से अपना फर्ज निभा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *