विद्युत पोल गलने से बड़ा हादसे की आशंका

काशीपुर। रतन सिनेमा रोड स्थित निकट चंद्रावती तिवारी कन्या महाविद्यालय के समीप लगा एक विद्युत पोल नीचे से जंग लगने के कारण जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। लोगों को आशंका है कि किसी दिन यह बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है।
उल्लेखनीय है कि इस मार्ग पर दिनभर भारी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। आसपास विद्यालय, दुकानें एवं आवासीय क्षेत्र होने के कारण छात्राओं, राहगीरों और वाहन चालकों को खतरा बना है। लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को इसकी सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। वहां के नागरिकों ने बताया कि विद्युत पोल नीचे से पूरी तरह गल चुका है। बरसात और तेज हवाओं के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते पोल को नहीं बदला गया तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विधुत विभाग की होगी। लोगों में विधुत विभाग के प्रति नाराजगी भी देखने को मिल रही है। क्षेत्रवासियों ने तत्काल जर्जर विद्युत पोल को हटाकर नया पोल लगाए जाने की मांग की है।
