काशीपुर। बैंक से रूपये निकालकर घर जा रही महिला से हजारों रूपये की नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटे गये रूपये बरामद कर लिये हैं।
बताते चलें कि बीती 2 मई की दोपहर कचनाल गाजी निवासी सम्पत्ति देवी पत्नी स्व. सनतन सिंह बाजपुर रोड स्थित यूनियन बैंक से 11 हजार रूपये निकालकर घर जा रही थी कि जब वह बाजपुर रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची तो दो बाइक सवार उचक्कों ने उससे पॉलीथिन में रखे 11 हजार रूपये छीन लिये। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी। आज एसपी चन्द्र मोहन सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरांे की फुटेज देखी तो उसमें दो युवक महिला से नकदी लूटकर फरार होते दिखाई दिये। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दढ़ियाल रोड से खड़कपुर देवीपुरा जाने वाले तिराहे पर खाली मैदान से खड़कपुर देवीपुरा निवासी मनीष उर्फ मुन्नू पुत्र मिश्री लाल व आवास विकास निवासी महेश कुमार पुत्र दयाराम को गिरफ्तार कर जब उनसे पूछताछ की तो उन्होंने लूट की घटना को अंजाम देना कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गयी नकदी में से 9100 रूपये व घटना में प्रयुक्त बाइक संख्या यूके06 टी-6814 को बरामद कर लिया। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी मनोज रतूड़ी, एसएसआई प्रदीप मिश्रा, एसआई जितेन्द्र कुमार, नवीन बुधानी, कां. दिनेश चन्द्र, देवानंद, जगत सिंह, विनोद भट्ट व कां. कैलाश तोमक्याल एसओजी तथा गिरीश कांडपाल थे।
