काशीपुर। आजादी के अमृत महोत्सव पर भारत विकास परिषद ने शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया। इस दौरान विद्यालयों के बच्चों ने देशभक्ति के कई कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अतिथियों ने बच्चों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने का आह्वान किया।
मौहल्ला किला स्ट्रीट स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज और भाविप के संयुक्त कार्यक्रम का शुभारंभ एसडीएम अभय प्रताप सिंह, उद्योगपति योगेश जिंदल, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता ने किया। परिषद के क्षेत्रीय सचिव अजय अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र के शहीद परिवारों के बच्चों को विद्यालय में निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी। उद्यमी जिंदल ने सभी बलिदानियों और उनके परिजनों को नमन कर सभी का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में उपस्थित शहीदों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शाखा संरक्षक मुकेश अग्रवाल, अध्यक्ष प्रियांशु बंसल, महिला संयोजिका सुरभि बंसल, प्रधानाचार्य सुभाष चन्द्र शर्मा, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, सचिन गुप्ता, महेश अग्रवाल आदि रहे।
