पानी से भरे प्लाट में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत

काशीपुर। गंगे बाबा रोड स्थित नर्सरी के पीछे पानी से भरे एक प्लाॅट में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों बच्चों की उम्र लगभग 5 से 6 वर्ष बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और गम का माहौल है।
बड़े गुरुद्वारे के पास स्थित एक खाली प्लाॅट में बरसात का पानी भरा हुआ था। इसी दौरान देव और मयंक नाम के दो मासूम बच्चे वहां खेलते-खेलते पानी में उतर गए और गहरे पानी में डूब गए। जब काफी देर तक बच्चे दिखाई नहीं दिए तो आसपास मौजूद लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। लोगों ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार पंकज चंदोला मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन, नगर निगम और संबंधित प्लाॅट स्वामियों की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाए हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बरसात के दौरान कई खाली प्लाॅट पानी से भर जाते हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए न तो बैरिकेडिंग की जाती है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए जाते हैं। ऐसे स्थान छोटे बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं। हादसे के बाद क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि जिन प्लाॅटों में लंबे समय से जलभराव है और जहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं, उनके स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही नगर निगम और प्रशासन को ऐसे सभी स्थानों पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी असहनीय त्रासदी का सामना न करना पड़े।
