पर्यावरण संरक्षण हेतु नगर निगम से निकाली साईकिल रैली

काशीपुर। जीरो एमिशन डे के अवसर पर काशीपुर नगर निगम और द गुरुकुल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में शहर में साइकिल एवं पैदल रैली का आयोजन किया गया। रैली के माध्यम से नगरवासियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण का प्रभावी संदेश दिया गया। नगर निगम से शुरू हुई इस रैली को महापौर दीपक बाली एवं नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने रवाना किया। रैली में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों, नगर निगम के निगम अधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली के दौरान बच्चों ने हाथों में पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि आसपास के क्षेत्र, बाजार या किसी छोटे-मोटे काम के लिए वाहन का अनावश्यक इस्तेमाल न करें, बल्कि साइकिल का प्रयोग करें। महापौर दीपक बाली ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ काशीपुर का निर्माण केवल सरकारी प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। साइकिल चलाना पर्यावरण के लिए लाभकारी होने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी बेहद उपयोगी है। रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ, स्वस्थ और प्रदूषण मुक्त काशीपुर बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त शालिनी नेगी, विनोद लाल शाह, कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा, चौधरी समरपालसिंह सिंह, जसवीर सिंह सैनी, बच्चों के अभिभावको के अलावा नगर निगम की कर अधीक्षक अनुपमा, सफाई इंस्पेक्टर दिनेश ध्यानी सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
