Aaj Ki Kiran

तमंचे के बल पर डम्पर चालकों से लूट करने वाले दो गिरफ्तार, माल बरामद

Spread the love

तमंचे के बल पर डम्पर चालकों से लूट करने वाले दो गिरफ्तार, माल बरामद

तमंचे के बल पर डम्पर चालकों से लूट करने वाले दो गिरफ्तार, माल बरामद
तमंचे के बल पर डम्पर चालकों से लूट करने वाले दो गिरफ्तार, माल बरामद

काशीपुर। तमंचे के बल पर डंपर चालकों को लूटने वाले दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके पास से, आई-20 कार, अवैध तमंचा, कारतूस और लूट की रकम बरामद की है।
विदित हो कि मुरादाबाद निवासी आरिफ ने कोतवाली आईटीआई में तहरीर देकर बताया था कि 18 जून को उसका भाई नासिर डंपर संख्या यूपी-21 सीटी-2065 में रामनगर से रेता लेकर मुरादाबाद जा रहा था। बल्ली ढाबा के पास दो कारों में सवार बदमाशों ने डंपर रोक लिया और चालक के साथ मारपीट करते हुए तमंचा दिखाकर 11 हजार रुपये लूट लिए। इसी दिन देर रात दूसरी घटना में काशीपुर निवासी आलम ने पुलिस को बताया कि बांसखेड़ा पुल के नीचे कार सवार बदमाशों ने उसके डंपर संख्या यूके-18 सीए-4824 को रोककर स्वयं को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताया। वाहन की किश्त बकाया होने का दबाव बनाते हुए आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट की और तमंचे के बल पर डैशबोर्ड में रखे 24 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर कोतवाली आईटीआई पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने 25 जून को जैतपुर घोसी से बेगमाबाद जाने वाली कच्ची सड़क के पास से आई-20 कार संख्या यूके-17 एल-7139 में सवार दो आरोपियों गुरमेज सिंह उर्फ विक्की पुत्र जगजीत सिंह निवासी करघटिया फार्म, थाना सितारगंज तथा गुरविन्दर सिंह पुत्र प्रीतम सिंह निवासी आजाद नगर, थाना किच्छा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस 315 बोर, घटना में प्रयुक्त आई-20 कार व लूट के 15 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हाईवे पर डंपर चालकों को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर रोकते थे और तमंचे के बल पर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस टीम में कोतवाली आईटीआई के प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह राठौर, उपनिरीक्षक पुष्कर भट्ट, अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह गड़िया, कांस्टेबल रमेश बंग्याल, कांस्टेबल राजेन्द्र जोशी तथा होमगार्ड धरम सिंह शामिल रहे।