गौतम मेहरोत्रा ने की राज्य की भाजपा सरकार से गौवंश की सुरक्षा और सम्मान किये जाने की पुरजोर मांग


काशीपुर। कांग्रेस पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष गौतम मेहरोत्रा ने राज्य की भाजपा सरकार से गौवंश की सुरक्षा और सम्मान किये जाने की पुरजोर मांग की है।भयंकर सर्दी और कोहरे में सड़क पर घूमते गौवंशीय पशुओं की हालत पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कांग्रेसी नेता गौतम मेहरोत्रा ने कहा कि जब देश में कांग्रेस की सरकार थी, तब गौठानों के माध्यम से गौवंश को सुरक्षा और देखभाल मिलती थी, लेकिन केन्द्र व राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार में गौवंश की दुर्दशा किसी से छिपी नहीं है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज में गौवंश का विशेष महत्व है। वह माता की तरह पूज्यनीय है, लेकिन विडंबना देखिए कि हिंदुत्व का राग अलापने वाली भाजपा सरकार में माता रूपी गाय और उसके वंश की स्थिति आज बेहद दयनीय है। गौवंशीय पशु सड़कों पर भटक रहे हैं। गौतम मेहरोत्रा ने कहा कि जैसे सरकार के नेता और मंत्री विश्राम भवन में रहते हैं, वैसे ही गाय माता के लिए भी सुरक्षित स्थान होना चाहिए। कांग्रेसी नेता ने राज्य की भाजपा सरकार से मांग की कि सड़कों पर घूमते गौवंशीय पशुओं के संरक्षण के लिए ठोस व्यवस्था करते हुए गौसेवकों की मदद से इनकी सम्मानपूर्वक देखभाल सुनिश्चित की जाए, ताकि गौवंशीय पशु सड़कों पर इधर-उधर न भटकें और इनके लावारिसों की तरह भटकने से अक्सर बेवजह होने वाले हादसों पर भी अंकुश लग सके। उन्होंने पशुपालकों से भी आहवान किया है कि वे अपने पशुओं को किसी भी दशा में खुला न छोड़ें।
