गड्ढे में गिरी कार, एक की मौत

काशीपुर। विवाह समारोह से लौट रहे एक व्यक्ति की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई, जबकि उसका भाई सकुशल बच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
जानकारी के अनुसार इंदिरा नगर, हल्द्वानी निवासी 48 वर्षीय टिंकू चंद्रा पुत्र कलुआ वृहस्पतिवार रात स्योहारा ;बिजनौरद्ध के मौहल्ला मिल्कियान में आयोजित अपने साले सुरेश के विवाह समारोह में शामिल होने के बाद कार में सवार होकर अपने भाई पिंटू के साथ हल्द्वानी लौट रहा था कि देर रात यहां अलीगंज रोड पर बांसखेड़ा क्षेत्र में कार पानी भरे गड्ढे में पलट गई। इस दुर्घटना में मौके पर ही टिंकू की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा पिंटू सकुशल बच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी शोभा और तीन पुत्रों को रोता-बिलखता छोड़ गया है।
