Aaj Ki Kiran

कार लेकर भागा ड्राईवर व उसका साथी गिरफ्तार

Spread the love



काशीपुर। प्रिया माॅल की पार्किंग से मालिक की कार लेकर फरार हुए ड्राईवर एवं उसके साथी को गिरफ्तार कर पुलिस ने कार बरामद कर मामले का खुलासा कर दिया।
विदित हो कि श्रीमती आभा अरोरा पत्नी मनोज अरोरा निवासी गुरुनानक कालोनी प्रिया माॅल के सामने वाली गली, काशीपुर ने पुलिस में तहरीर देकर बताया कि 17 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे उसकी गाड़ी इनोवा क्रिस्टा संख्या-यूके-18एल-4175 प्रिया माॅल की पार्किंग में खड़ी हुई थी कि उनका ड्राईवर अमित सिंह निवासी प्रतापपुर, काशीपुर उक्त गाड़ी को बिना बताये कहीं ले गया। ड्राइवर का मोबाइल भी स्विच आॅफ है। संदेह जताया कि गाड़ी चोरी हो गई है। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर कार बरामदगी के प्रयास शुरू किये। आज मामले का खुलासा करते हुए एसपी काशीपुर अभय सिंह ने बताया कि कार लेकर फरार हुए ड्राईवर एवं उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी ने बताया कि अमित काशीपुर के व्यवसाई मनोज अरोरा के यहाँ सात-आठ वर्ष से ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। बीती 18 फरवरी को अमित इनोवा कार लेकर चम्पत हो गया। तहरीर पर केस दर्ज कर कार व फरार अमित की तलाश शुरू की तो मुखबिर से फरार अमित के उक्त गाड़ी पर फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर प्रतापपुर की तरफ आने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर गाड़ी को रोका तो दो लोग पकड़े गए जिनकी पहचान अमित कुमार सिंह पुत्र गजेन्द्र सिंह निवासी प्रतापपुर तथा मनीष कुमार पुत्र स्व. राजाराम निवासी सनराईज कालौनी, थाना बारादरी जिला बदांयू के रूप में हुई। एसपी सिटी अभय सिंह नें बताया कि दोनों को जेल भेजा जा रहा है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रदीप मिश्रा, एसआई अशोक कांडपाल व धीरेंद्र सिंह परिहार, कांस्टेबल गिरीश मठपाल, कुलदीप सिंह तथा एसओजी कांस्टेबल कैलाश तोमक्याल व दीपक कठैत शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *