अनियंत्रित डंपर ने बिजली के दो खंबे व ट्रांसफार्मर तोड़ा

काशीपुर। तेज गति से आ रहा एक खाली डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे दो खम्बांे व उन पर लगे ट्रांसफार्मर से टकरा गया। इस दुर्घटना में डंपर चालक भी घायल हुआ, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार आज तड़के करीब पौने तीन बजे अलीगंज रोड पर एक डम्पर तेज गति से आ रहा था कि अचानक अनियंत्रित होकर टांडा उज्जैन में बैंक ऑफ़ इंडिया के पास लगे दो बिजली के खंम्बो से टकरा गया। घटना में बिजली के खंभे एवं ट्रांसफार्मर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये तथा डंपर का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में डम्पर चालक भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को उपचार हेतु सरकारी अस्पताल पहुंचाया। विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की वजह से क्षेत्र की बिजली भी बंद हो गई। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां मौजूद लोगों का कहना है कि इन डम्परों के कारण आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। प्रशासन को इनको इन पर अंकुश लगाना चाहिए।
