काशीपुर को स्वच्छ और आधुनिक बनाने सहित बेहतर शिक्षा हेतु महापौर नैनी पेपर्स व आईजीएल से मांगा सहयोग

काशीपुर। शहर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के साथ साथ छात्र-छात्राओं के हितों को ध्यान में रखते हुए शिक्षण संस्थानों में आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु महापौर दीपक बाली ने समाज सेवा में अग्रणीय रहने वाली दो औद्योगिक इकाइयों नैनी पेपर्स एवं इंडिया ग्लाइकोल्स से सीएसआर फंड के तहत सहयोग मांगा है।
महापौर दीपक बाली ने नैनी पेपर्स से स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1 करोड़ 18 लाख 37 हजार 760 रुपये ;जीएसटी सहितद्ध का संशोधित सीएसआर अनुदान स्वीकृत करने का अनुरोध किया है। नगर निगम की ओर से नैनी पेपर्स लिमिटेड के निदेशक एवं सीएसआर समिति को भेजे गए प्रस्ताव में दो मिनी रिफ्यूज काॅम्पैक्टर वाहन और 80 सेट चार रंगों वाले पैडल युक्त डस्टबिन खरीदने के लिए आर्थिक सहयोग मांगा गया है। वहीं, महापौर दीपक बाली ने इंडिया ग्लाइकोल्स को भेजे गए प्रस्ताव में कंपनी के सीएसआर फंड से शहर में जनहित और शिक्षा से जुड़े कार्य कराने का अनुरोध किया है। शहर के सार्वजनिक महत्वपूर्ण स्थलों पर रोशनी की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए द्रोणा सागर परिसर, गन्ना अनुसंधान मोड़ और जसपुर खुर्द, चैती चैराहे पर हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग की गई है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम की इन दोनों पहलों का उद्देश्य काशीपुर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है।
