दीपावली पर कूड़ा फैलाने के मामले में ठेका निरस्त्रीकरण की कार्यवाही शुरू, नई निविदाएं आमंत्रित

काशीपुर। ठेकेदार कंपनी की लापरवाही के चलते पर्यावरण मित्रों द्वारा दीवाली के दिन शहर में कूड़ा फैलाकर किए गए विरोध प्रदर्शन के मामले में महापौर दीपक बाली ने बड़ा और सख्त फैसला लिया है। पर्यावरण मित्रों को समय पर वेतन न मिलने के मामले में जिम्मेदार मानी जा रही कूड़ा निस्तारण कंपनी एमएसएमडब्ल्यू का ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और साथ ही नगर निगम ने कूड़ा निस्तारण व्यवस्था के लिए नई निविदाएं आमंत्रित कर दी हैं। महापौर के इस फैसले को शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर उनकी सख्त कार्यशैली और पर्यावरण मित्रों के हितों के प्रति गंभीरता के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि बीती 8 नवंबर को दिवाली के दिन पर्यावरण मित्रों ने वेतन न मिलने के विरोध में शहर के मुख्य चैराहे महाराणा चैक सहित शहर के विभिन्न स्थानों पर कूड़ा डालकर अपना आक्रोश जताया था। इस घटना से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई और त्योहार के दिन जगह-जगह कूड़े के ढेर लग गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही महापौर दीपक बाली तत्काल मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने मौके पर ही नाराजगी जताते हुए संबंधित कूड़ा निस्तारण कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। उल्लेखनीय है कि एमएसएमडब्ल्यू कंपनी को वर्तमान नगर निगम बोर्ड के गठन से पूर्व 2024 में निगम प्रशासक मंडल द्वारा आगामी 20 वर्षों के लिए कूड़ा निस्तारण का ठेका दिया गया था।
