महापौर दीपक बाली के समर्थन में एकजुट हुए सभी पार्षद, बोर्ड बैठक में ठेका निरस्त करने का प्रस्ताव लाने की घोषणा

काशीपुर। एमएसडब्ल्यूएम कंपनी द्वारा नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को दीपावली के अवसर पर वेतन एवं बोनस का भुगतान नहीं किए जाने को लेकर नगर निगम के पार्षदों ने एक प्रेस काॅन्फ्रेंस कर कंपनी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए और महापौर दीपक बाली द्वारा कंपनी का ठेका निरस्त करने की कार्रवाई शुरू किए जाने का एक स्वर में समर्थन किया।
प्रेस वार्ता में पार्षदों ने आरोप लगाया कि एमएसडब्ल्यूएम कंपनी को नगर निगम द्वारा पहले ही चेक के माध्यम से भुगतान किया जा चुका था, इसके बावजूद कंपनी ने पर्यावरण मित्रों को दीपावली पर वेतन और बोनस नहीं दिया। कंपनी अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय भुगतान न होने का आरोप नगर निगम और महापौर पर लगा रही है, जो पूरी तरह निराधार है। पार्षदों ने कहा कि निगम और कंपनी के बीच हुए अनुबंध में स्पष्ट प्रावधान है कि कंपनी द्वारा संबंधित बिल प्रस्तुत किए जाने के बाद ही भुगतान किया जाएगा। कंपनी ने अभी तक सितंबर माह का ही बिल प्रस्तुत किया है, जबकि अक्टूबर माह का बिल भी निगम को नहीं दिया गया है। इसके बावजूद निगम द्वारा नियमानुसार भुगतान किया गया है। ऐसे में कर्मचारियों को वेतन न देना पूरी तरह कंपनी की जिम्मेदारी और लापरवाही है। पार्षदों ने कंपनी के साथ वर्ष 2024 में हुए 20 वर्ष के अनुबंध पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि इतने लंबे समय के लिए ठेका दिया जाना अपने आप में गंभीर विषय है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पार्षदों ने कहा कि सभी 40 पार्षद महापौर दीपक बाली के नेतृत्व और कार्यशैली से संतुष्ट हैं तथा उनके सम्मान के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे। प्रेस वार्ता में सीमा सागर, गुंजन प्रजापति, मनोज जग्गा, पुष्कर बिष्ट, दीपा पाठक, शाह आलम, प्रिंस बाली, घनश्याम सैनी, बीना नेगी, अशोक सैनी, सतीश कुमार, सुरेश सैनी, रवि प्रजापति, अनूप प्रताप सिंह, विजय बाॅबी, अनिल कुमार, मयंक मेहता, संजय शर्मा, मोनिष तथा पार्षद पति सादिक हुसैन, पूर्व पार्षद देव प्रजापति तथा हनीफ गुड्डू आदि मौजूद रहे।
