द चाइल्ड एन्हांसमेंट काॅन्वेंट स्कूल में प्रदर्शनी का आयोजन किया

काशीपुर। ओम विहार काॅलोनी में मोटेश्वर मंदिर के पास स्थित द चाइल्ड एन्हांसमेंट काॅन्वेंट स्कूल परिसर में भव्य दिवाली मेला एवं करवा चैथ प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रंग-बिरंगे सजावटी सामान, आकर्षक हस्तनिर्मित वस्तुओं, पारंपरिक परिधानों, चूड़ियों और स्वादिष्ट व्यंजनों से सजे स्टाॅल लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने खरीदारी करने के साथ ही विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया।
मेले की सबसे खास बात यह रही कि प्रदर्शनी में रखी गई अधिकांश वस्तुएं विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में स्वयं तैयार की थीं। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता और मेहनत का परिचय देते हुए करवा चैथ की सजी हुई थालियां, गिलास, चूड़ियां, सजावटी दीये और घर की सजावट से जुड़ी विभिन्न वस्तुएं बनाईं। इसके अतिरिक्त बच्चों ने नींबू-मिर्च के अचार, विभिन्न प्रकार के मुरब्बे और चूर्ण जैसी खाद्य सामग्री भी तैयार की। विद्यालय की प्रधानाचार्या नीरजा सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों को आत्मनिर्भर बनाने और उनमें व्यावसायिक कौशल विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय की ओर से यह मंच उपलब्ध कराया गया है। आयोजन के माध्यम से विद्यालय ने शिक्षा के साथ-साथ जीवनोपयोगी कौशल विकसित करने की दिशा में अपने प्रयासों को रेखांकित किया।
