उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विधायक चीमा ने किया सम्मानित

काशीपुर। केपीसी प्रांगण में आयोजित कृष्णावालोर एवं केपीसी उत्सव में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उत्सव में काशीपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लगभग 35 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। यहां विभिन्न प्रकार की आउटडोर एवं इंडोर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विधायक चीमा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना और स्वस्थ जीवनशैली का विकास होता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार द्वारा ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसी पहलों के माध्यम से देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं, मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भी खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, खेल सुविधाओं के विकास तथा युवाओं को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आयोजकों के प्रयासों की सराहना की तथा इस सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई दी।
