जांच करने पहुंची टीम व्यापारियों के विरोध के चलते वापस लौटी

काशीपुर। ट्रेड मार्क के मामले में एक रेडीमेड गारमेंट शाॅप पर पहुंची टीम को व्यापारियों के विरोध के चलते बैरंग लौटना पड़ा। खास बात ये रही कि टीम के विरोध में वरिष्ठ अधिवक्ता अमरीश अग्रवाल भी धरने पर बैठे।
जानकारी के अनुसार पोस्ट आॅफिस रोड स्थित एक रेडीमेड गारमेंट दुकान पर ट्रेड मार्क के मामले में एक टीम शुक्रवार दोपहर जांच करने पहुंची। टीम को पहुंचा देख वहां आस पास के व्यापारी एकत्र हो गये और उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए टीम का विरोध शुरू कर दिया। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता अमरीश अग्रवाल को सूचना दी गई तो वह भी मौके पर पहुंचे और पार्षद विजय बाॅबी, अनमोल अरोरा, जतिन नरूला व रोहित चावला सहित कई व्यापारियों के साथ टीम का विरोध करते हुए सड़क पर ही धरने पर बैठ गये। उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे बड़े त्यौहार पर व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी सूरत में नहीं होने देंगे। विरोध के चलते टीम को बैरंग लौटना पड़ा।
