बंदरों के आतंक से सभी परेशान, नगर निगम से निजात दिलाने की लगाई गुहार
-सड़कों पर बंदरों के एकट्ठा होने से राहगीर परेशान, काट कर रहे घायल

काशीपुर। इन दिनों नगर के विभिन्न क्षेत्रों में बंदरों का आतंक छाया है। बंदर सड़कों पर डेरा डाल देते हैं और आने-जाने वाले लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर देते हैं। इनके आतंक से बच्चे, बड़े, महिलाएं सभी परेशान हैं। लोगों ने नगर निगम से मांग की है कि इन बंदरों को पकड़कर दूर कहीं जंगल में छोड़ा जाये।
इन दिनों बंदरों का आतंक मौहल्ला ओझान, खत्रियान व थाना साबिक में छाया है। यह बंदर पैदल चलने वाले लोगों पर तो हमला कर ही रहे हैं साथ ही वाहन चालकों को भी नहीं छोड़ते, उन पर भी हमला कर देते हैं। ऐसे में कई दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं। पहले यह बंदर छतों व पेड़ों पर ही रहते थे, लेकिन अब यह रोड पर आकर बैठ जाते हैं और राह चलते लोगों पर हमला कर देते हैं, उनके हाथ से सामान छीनकर ले जाते हैं। लोगों के घरों में घुसकर नुकसान कर रहे हैं। बंदरों का यह झुंड नगर के विभिन्न मौहल्लों में घूमता रहता है। यह जिस मौहल्ले में पहुंच जाते हैं वहां के लोगों का रास्ते से गुजरना मुश्किल कर कर देते हैं। यह बंदर अब इतने निडर हो चुके हैं कि डंडे से भी नहीं भागते। इन बंदरों की इतनी दहशत हो गयी है कि इनके रोड पर आने के बाद रोड के दोनों ओर लोगों की भीड़ लग जाती है, क्योंकि इन बंदरों के पास से गुजरना खतरे से खाली नहीं है। लोगोें ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि इन बंदरों को पकड़कर कहीं दूर जंगल में छोड़ा जाये, जैसा कि मेयर ऊषा चैधरी के कार्यवाल में हुआ था।
