पुलिस ने विद्यालयों में साइबर जागरूकता अभियान चलाया

काशीपुर। साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों के बीच लोगों, विशेषकर बच्चों और युवाओं को ऑनलाइन गतिविधियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से काशीपुर पुलिस की ओर से साइबर जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शनिवार को कोतवाली काशीपुर पुलिस ने गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज तथा कृष्णा पब्लिक कॉलिजिएट में छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर बुलिंग, ऑनलाइन गेमिंग, सोशल मीडिया सेफ्टी और प्राइवेसी अवेयरनेस जैसे विषयों के बारे में विस्तार से समझाया। पुलिस ने बच्चों को बताया कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग करते समय थोड़ी सी लापरवाही भी साइबर ठगी, ऑनलाइन उत्पीड़न अथवा निजी जानकारी के दुरुपयोग का कारण बन सकती है। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी, मोबाइल नंबर, पासवर्ड, बैंक संबंधी विवरण और अन्य संवेदनशील जानकारी अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। काशीपुर पुलिस ने विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने और अपने आसपास के लोगों को भी डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की। अभियान का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें साइबर अपराधें से बचाव के प्रति सजग बनाना रहा।
