पंत विश्वविद्यालय प्रबंध परिषद के विधायक चीमा सदस्य मनोनीत

काशीपुर। विधायक त्रिलोक सिंह चीमा को पं. गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर की प्रबंध परिषद का सदस्य मनोनीत किया गया है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने जारी पत्र में विधायक चीमा का प्रबंध परिषद में सदस्य के रूप में स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया गया है कि कृषि, किसान कल्याण एवं जनसेवा के क्षेत्र में उनके व्यापक अनुभव का लाभ विवि को मिलेगा। विधायक चीमा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा जनप्रतिनिधियों को कृषि एवं शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में योगदान देने का अवसर प्रदान किया जा रहा है। विधायक चीमा के प्रबंध परिषद के सदस्य मनोनीत होने पर क्षेत्रवासियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए इसे काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया।
