कांग्रेस जिलाध्यक्ष अलका पाल ने किया पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ

काशीपुर। विश्व पोलियो दिवस पर राजकीय चिकित्सालय में महानगर कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष अलका पाल ने फीता काटकर व 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो ड्राॅप्स पिलाकर पल्स पोलियो अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर अलका पाल ने कहा कि पूर्व में पोलियो अभिषाप के रूप में पूरे देश के अंदर जाना जाता था, लेकिन पोलियो उन्मूलन के लिए जिस तरह से भारत सरकार ने पूर्व में विशाल देश व्यापी अभियान चलाकर इसके निवारण के लिए कदम उठाया वह मील का पत्थर साबित हुआ। इसी कारण आज देशभर में पोलियो के केस लगभग ना की स्थिति में आ गए हैं। इसका सबसे बड़ा कारण जागरूकता है। जिस तरह से देश में शिक्षा का प्रसार हुआ है उससे बच्चों के जन्म होते ही माता-पिता और चिकित्सकों के द्वारा पोलियो ड्राॅप्स के माध्यम से भविष्य में होने वाली इस बीमारी को रोकने में सार्थक प्रयास हुआ है। उन्होंने सभी अभिभावकों से कहा कि अपने नवजात शिशुओं को जन्म के समय से ही पोलियो ड्राॅप्स पिलाकर उनको देश के भविष्य के लिए तैयार करें। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. संदीप दीक्षित, पार्षद शाह आलम सहित पोलियो उन्मूलन में सक्रिय अस्पताल कर्मचारी एवं अभिभाकों की उपस्थिति रही।
