काशीपुर। छह दिन पूर्व सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मुरादाबाद के एक अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का शवपोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विदित हो कि जनपद मुरादाबाद के थाना अलीगंज, ग्राम बुढानपुर निवासी नरेश कुमार बीती 4 नवंबर को अपनी पत्नी गीता और पुत्र विकास के साथ अपनी बेटी की ससुराल कुंडेश्वरी जा रहे थे। पैगा चौकी क्षेत्र में गुरुद्वारे के सामने बाइक को सड़क किनारे लगाकर वे आपस में बातें कर रहे थे। इस दौरान एक डंपर चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गीता देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल नरेश और उसके पुत्र विकास को काशीपुर पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे इलाज के लिए मुरादाबाद रेफर किया गया था। मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल में बुधवार देर शाम नरेश की मौत हो गई। परिजन मृतक का शव लेकर पैगा चौकी पहुंचे। परिजनों ने पुलिस से पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया, लेकिन पैगा चौकी पुलिस ने घायल नरेश की मौत मुरादाबाद में होना बताते हुए पंचनामा भरने में असमर्थता जताई। इस पर भगतपुर थाना पुलिस ने मृतक का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। बताते चलें कि इस मामले में आरोपी डंपर चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर महुआखेड़ागंज चौराहे पर जाम भी लगाया गया था। पुलिस ने जाम लगाने के आरोप में 18 लोगों को नामजद करते हुए 100-150 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
