https://www.facebook.com/UttarakhandDIPR

परीक्षा की रात इंटर की छात्रा ने सीओ को की कॉल, प्लीज हेल्प

Spread the love

अनिल शर्मा

ठाकुरद्वारा ( मुरादावाद )
यूपी बोर्ड परीक्षा की रात इंटरमीडिएट की छात्रा ने सीओ को काल कर मदद की गुहार लगाई। सर लाकडाउन के बाद से स्कूल फीस जमा नहीं करने पर प्रवेश पत्र नहीं मिला। कल परीक्षा है। पढ़ाई से वंचित रह जाउंगी। प्लीज हेल्प मी। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने परीक्षा केंद्र के प्रबंधक का नंबर जुटाया और छात्रा की फीस जमा करने की इच्छा जाहिर कर सहयोग मांगा। सीओ की काल पर प्रबंधक ने न सिर्फ फीस माफ कर गरीब छात्रा को परीक्षा दिलाई, बल्कि स्नातक की पढ़ाई की भी फीस माफ करने की घोषणा की। गरीब छात्रा के प्रति पुलिस आधिकारी और प्रधानाचार्य की मदद की सभी ने सराहना की है।
तहसील के ग्राम असलेमपुर निवासी इंटरमीडिएट की छात्रा निशा के पिता कोतवाली में चौकीदार हैं। वह गांव के निकट ही इंटर कालेज में पढ़ती है। लाकडाउन के बाद परिवार तंगी के हालात से गुजर रहा है। इसकी वजह से निशा की स्कूल फीस भी अदा नहीं हो सकी। इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र लेने पहुंची छात्रा से स्कूल में फीस की डिमांड की गई। वह मायूस होकर वापस घर लौट आई। घर पर फीस के लिए पैसा नहीं था, परीक्षा छूटना तय हो चुका था। बृहस्पतिवार से परीक्षा प्रारंभ होनी थी, लिहाजा बुधवार की रात करीब नौ बजे मदद की आस लेकर निशा ने सीओ अनूप सिंह को फोन मिला दिया। सीओ ने न सिर्फ निशा की समस्या सुनी बल्कि मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद परीक्षा केंद्र बीएस इंटर कालेज कुआखेड़ा खालसा के प्रबंधक एवं कृषक इंटर कालेज शरीफ नगर के प्रधानाचार्य डा. बलराम िंसह को काल कर अपनी ओर से फीस जमा करने की इच्छा जाहिर की, लेकिन डा. बलराम सिंह ने छात्रा की मदद कर बृहस्पतिवार को परीक्षा दिलाई। सीओ ने गरीब छात्रा की आगे की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग का वादा किया है तो दूसरी तरफ डा. बलराम िंसह ने भी इंटरमीडिएट के बाद गरीब छात्रा को अपने कालेज में स्नातक की पढ़ाई निशुल्क कराने की घोषणा की है। एक पुलिस अफसर और एक प्रधानाचार्य के छात्रा के हित में उठाए कदम की सभी ने प्रशंसा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *