अनिल शर्मा
मुरादाबाद
08 मार्च 22, मुरादाबाद। सिविल लाइंस पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करीब नौ जघन्य अपराधों में शामिल शातिर लुटेरे अमित को गिरफ्तार कर लिया है। अमित की गिरफ्तारी से दो महीने पहले हरथला में हुई सर्राफ से लूट का पर्दाफाश भी हो गया है। पुलिस ने बदमाश से लूटे गए सोने-चांदी के जेवर भी बरामद कर लिए हैं।
बालाजी ज्वैलर्स के अक्षय से हुई थी लूट
याद रहे कि थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के हरथला प्रतीक विहार निवासी अक्षय वर्मा की लोधीपुर विशनपुर में बालाजी ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। बीती 11 जनवरी की सुबह दुकान जाने के दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने हथियारों के बल पर जेवर न नकदी लूट ली थी। बदमाशों ने करीब 11 किलो चांदी के जेवर, सोने के जेवर व छह हजार रुपये नकद लूट लिया था। मंगलवार को एसएसपी बब्लू कुमार ने बताया कि इंस्पेक्टर सिविल लाइन रविंद्र प्रताप सिंह, एसओजी व क्राइम ब्रांच की यूनिट के साथ सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था। टीम ने मुख्य आरोपी संभल के असमोली थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर इमा के रहने वाले अमित कटारिया उर्फ मंगल पुत्र इमरत सिंह और उत्तराखंड के काशीपुर के ढकिया गुलाबों की रहने वाली अनीता पत्नी राजू उर्फ राजेश को गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी बब्लू कुमार ने बताया कि इनकी निशानदेही पर लूटे गए सोना चांदी के गहने व नकदी भी बरामद कर ली गई है।
थाना पुलिस, सर्वलांस, एसओजी लगी थी जांच में
एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया व एएसपी सागर जैन के साथ इंस्पेक्टर सिविल लाइन रविंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में इस लूट की साजिश रचने वाले लोगों का पहले ही पता लग चुका था। लुटा गया माल भी इनके कब्जे से बरामद करना था इसलिए यह लुटेरे पुलिस की निगाह के सामने घूमते रहे। गिरफ्त में आए खतरनाक अपराधी अमित पर लूट व अन्य आपराधिक नौ मामले दर्ज बताए जाते हैं। जबकी इनका साथी राजू जो तीन सप्ताह पूर्व ही अमरोहा में पकड़ा गया है उस पर लूट हत्या सहित 18 जघन्य अपराध दर्ज हैं। इंस्पेक्टर सिविल लाइन रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि लूटे गए गहने ओर नकदी की बरामदगी के लिए अमित के साथी की बीवी को गिरफ्त में लेकर उसके घर से लूटा गया माल बरामद किया गया है।
