सीवान। यहां एक युवक और एक युवती की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई है। इसका आरोप लड़की के भाई पर लगा है। युवक का शव जहां गांव के बाहर नहर से मिला है तो युवती का शव उसके घर से। इससे लोग दहशत में है तथा गांव में तनाव का माहौल है। प्रेम प्रसंग में दोनों की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना दरौंदा थाना क्षेत्र के रंगरौली गांव की है। मृतक युवती की पहचान रंगरौली की 18 वर्षीय निभा कुमारी तथा मृतक प्रेमी की पहचान गांव के ही 18 वर्षीय राहुल कुमार राम के रूप में हुई है। वहीं चाकू मारने का आरोप लड़की के भाई मन्नू पर लगा है। सीवान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लड़की के भाई मन्नू को गिरफ्तार कर उसके पास से चाकू भी बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। यह बात लड़की के भाई को नागवार लगी जिस कारण से लड़की के भाई ने इस घटना को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि पहले लड़की के भाई द्वारा युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। उसके बाद लड़की की भी हत्या कर दी। हालांकि लड़की का शव उसके घर के बरामदे में मिला। लड़की के हाथ की नस कटी थी। अब पुलिस मामले की जांच कर रही है कि लड़की की भी हत्या उसके भाई ने की या खुद लड़की ने अपनी नस काटी है। इधर घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया है। इस मामले में महाराजगंज एसडीपीओ पुलस्त कुमार ने बताया कि प्रेम प्रसंग को लेकर दोनों की हत्या की बात सामने आ रही है। अभी मामले की जांच की जा रही है।