मुंबई। महाराष्ट्र में मुंबई-पुणे हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई, जब एक ट्रक अचानक आग का गोला बन गया और धू-धू कर जलने लगा। बताया जाता है कि शुक्रवार तड़के मुंबई-पुणे हाईवे पर ट्रक में अचानक आग लग गई। आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है। यह आग इतनी भीषण थी कि ट्रक पूरी तरह से जलकर खाक हो गया।
बताया जाता है कि यह ट्रक सड़क पर खड़ा था, तभी अचानक इसमें आग लग गई। इस खौफनाक मंजर को देखने के लिए गाड़ियां रुक गई और लोग वीडियो बनाने लगे। हालांकि, अच्छी बात यह रही कि ड्राइवर इसमें से निकल गया था। आग की लपटें इतनी भयंकर थीं कि ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। अच्छी बात यह रही कि इस ट्रक की चपेट में अन्य कोई अन्य गाड़ी नहीं आई।
आगजनी की एक अन्य घटना में मुंबई के कुर्ला इलाके के गोदाम में शुक्रवार सुबह आग लग गई। गोदाम में लेवल-2 की आग लगी है और दमकल की आठ गाड़ियां आग बुझाने के लिए मौके पर मौजूद हैं। आग के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। एक अन्य हादसे में दक्षिण मुंबई में गुरुवार की आधी रात के बाद एक गोदाम में आग लग गई, जिससे उसके पास खड़े 14 वाहन जलकर खाक हो गए। गोदाम में बांस और अन्य सामग्री रखी थी। गोदाम के कार्यालय के पास खड़े छह चार पहिया वाहन और आठ दो पहिया वाहन आग में जलकर खाक हो गए। आग की चपेट में आने से गोदाम के भूतल का पूरा ढांचा ढह गया।