काशीपुर। नगर निगम काशीपुर की पूर्व पार्षद वर्तमान में जिला मंत्री महिला मोर्चा उधम सिंह नगर कि भाजपा नेत्री श्रीमती कविता यादव ने प्रशासन से मांग की हैं कि सोमवार, 3 अक्टूबर को मां मनसा देवी की स्वर्ण महोत्सव शोभायात्रा के दिन पुलिस व्यवस्था शहर में दुरुस्त की जाए। क्योंकि कुछ वर्षाे से देखने में आया है कि कुछ असामाजिक तत्व महिलाओं से भीड़ में अभद्रता कर माहौल खराब करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में इन असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए तथा उस दिन शहर के अंदर ई-रिक्शा का संचालन पूर्णतया प्रतिबंधित किया जाये। उन्होंने विद्युत विभाग से भी मांग की कि शहर के अंदर जो बिजली के तार नीचे लटके हुए हैं उनको सही किया जाए, खराब लाइटों को बदला जाये तथा उस दिन शहर के अंदर बिजली की कटौती ना की जाए। उन्होंने निगम प्रशासन से भी निवेदन किया कि उस दिन शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए तथा शहर में चूना डलवाया जाए और अतिक्रमण हटाया जाये। महाराणा प्रताप चौक पर भारी वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाए। उन्होंने शहर के सभी माता के भक्तों से निवेदन किया की स्वर्ण महोत्सव की शोभायात्रा का स्वागत पुष्प वर्षा से किया जाए।