पर्यटकों की भीड़ से नैनीताल की सड़कें जाम
नैनीताल। नैनीताल में वीकेंड पर पर्यटकों की खासी भीड़ रही। इस दौरान मालरोड समेत अन्य सड़कों पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। एकाएक भीड़ के चलते पर्यटक स्थलों पर भी सैलानियों की रौनक रही। पर्यटन कारोबारियों के अनुसार शनिवार को 15 हजार से अधिक सैलानी नैनीताल पहुंचे होंगे। वीकेंड से पूर्व ही नैनीताल में पर्यटकों की आमद शुरू हो गई थी। शुक्रवार से ही सैलानियों ने नैनीताल का रूख शुरू कर दिया था। इस दौरान देर शाम के बाद काफी संख्या में पर्यटक नैनीताल पहुंचने लगे। शनिवार को सुबह से ही सैलानियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया। दोपहर से पहले ही शहर के पार्किंग स्थल सैलानियों से पैक हो गए। इसके बाद पर्यटक वाहनों का सड़कों पर रेंगना शुरू हो गया। कई बार जाम की स्थिति भी बनी। एकाएक भीड़ में इजाफा होने पर पर्यटन कारोबार बेहतर होने के साथ ही दिक्कतें भी बढ़ने लगी। अधिक भीड़ होने की स्थिति में पर्यटकों ने नैनीताल के समीपवर्ती क्षेत्र भीमताल, भवाली, मुक्तेश्वर, रामगढ़ आदि पर्यटक स्थलों का रूख किया। नैनी झील में नौकायन के लिए सैलानियों की कतारें लगी रहीं। देर शाम मालरोड पर भी पर्यटकों की भीड़ देखी गई। सैलानियों ने मालरोड की सैर कर लम्हों को यादगार बनाया। होटल एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने कहा कि ग्रीष्मकालीन सीजन की शुरुआत होने लगी है। वीकेंड पर पर्यटकों की आमद में बढ़ोत्तरी हुई है। कहा कि यदि जिला एवं पुलिस प्रशासन की ओर से पर्यटन कारोबारियों का सहयोग किया गया तो कारोबार बेहतर होगा।