अंबाला। दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पर रेंज रोवर में सवार अमीर घर की दो लड़कियों ने रोड पर खड़ी एक कार को पीछे से इतनी जोर से टककर मारी की कार के परखच्चे उड़ गए। जानकारी के अनुसार ये लड़कियां नशे में धुत थीं और इन्होंने साइड में खड़ी कार को ठोक दिया, जिससे कार में सवार चालक की मौत हो गई तथा 3 लोग घायल हो गये। इतना ही नहीं इन लड़कियों से जब पुलिस और लोगों ने बात करने की कोशिश की तो दोनों अपनी अमीरी का रौब दिखाने लगीं और महिला पुलिस कर्मियों से मारपीट भी की। बड़ी मुश्किल से दोनों को पुलिस थाने लाया गया।
नशे में धुत इन लड़कियों ने जिस कार को टक्कर मारी उसमें सवार चालक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, कार में मौजूद अन्य तीन लोग घायल होग गए। टक्कर होने के बाद वहां मौजूद लोगों ने कार को घेर लिया। इस पर लड़कियों ने बहस करना शुरू कर दिया। मौके पर पुलिस पहुंची तो लड़कियों ने महिला पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट की। उनकी वर्दी पर लगी नेम प्लेट भी उखाड़ डाली। इसके बाद बड़ी मुश्किल से नशे में धुत लड़कियों को थाने ले जाया गया। फिलहाल पुलिस ने लड़कियों को हिरासत में ले कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान लड़कियां बार बार खुद को बड़े घर की औलाद बता रही थीं। सभी को अपने रुपयों का धौंस दिखा रही थीं। जब उन्हें मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाया गया तो वहां भी उन्होंने जमकर ड्रामा किया। रेंज रोवर में सवार दोनों लड़कियां शराब के नशे में धुत थीं या नहीं इसकी पुष्टि तो मेडिकल के बाद होगी, लेकिन थाने में बैठ कर भी उनके तेवर ढीले नहीं हुए। लिहाजा वो मीडिया का कैमरा देख पहले तो मुंह छुपाने लगीं फिर उन्होंने उलटा पुलिसकर्मियों पर ही आरोप लगाने शुरू कर दिए।
इस दुर्घटना में हिमाचल नंबर की जिस गाड़ी को टक्कर मारी गई उसमें चार लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी की कार चालाक की मौके पर ही मौत हो गई। कार में दो बच्चे थे जो टक्कर के कारण कार से बाहर जा के गिरे। कार सवार महिला ने घायल अवस्था में ये पूरी दास्तां मीडिया के कैमरे के आगे ब्यान की। हाईप्रोफाइल इन दोनों युवतियों ने पुलिस को खूब छकाया और अपने वकील और माता पिता के आने तक पुलिस को अपने बारे में कोई जानकारी ना देने की जिद पर अड़ी रहीं। अंबाला पुलिस के डीएसपी ने बताया की युवतियों का मेडिकल करवाया जा रहा है। दोनों युवतियां शराब के नशे में धुत्त लग रही हैं, जिन्होंने दुर्घटना की है जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई है। डीएसपी ने बताया की दोनों युवतियों ने उनके मुलाजिमों यानी पुलिस कर्मियों के साथ भी मारपीट की है जिस पर कार्रवाई की जाएगी।