Aaj Ki Kiran

दबंग व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्ती से कार्यवाही की जाये- जिलाधिकारी

Spread the love

रूद्रपुर – कमजोर एवं निःसहाय व्यक्तियों को प्रोटैक्ट करना सुनिश्चित करें ताकि कोई भी दबंग व्यक्ति उनका हक़ न मार सके। यह बात जिलाधिकारी उदयराज सिंह ने राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान जिला कार्यालय सभागार में कही।
जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कमजोर व्यक्तियों के हक़ विशेषकर भूमि को कोई भी दबंग व्यक्ति न कबजा सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि दबंग व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार सख्ती से कार्यवाही की जाये। जिलाधिकारी ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करते रहने के निर्देश राजस्व विभाग के अधिकारियों को दिये। उन्होंने राजस्व वादो की समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि पुराने वादो को नियमित रूप से सुना जाये और वादो का तेजी से व गुणवत्तायुक्त निस्तारण किया जाये। उन्होंने सीलिंग भूमि से सम्बन्धित विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन प्रकरणों में प्रभावी पैरवी करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक तारीख पर हो चुकी कार्यवाही की जानकारी सम्बन्धितों को जरूर हो। उन्होंने भूमि से सम्बन्धित प्रकरणों को समय से निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायत मिलने पर सम्बन्धित के खिलाफ सख्ती से कार्यवाही अमल में लाई जायेगी। डीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने अधीनस्थ कार्यालयों का निरीक्षण करने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने भू-राजस्व समीक्षा के दौरान निर्देश दिये कि भू-राजस्व में वृद्धि हो और भूमि खरीद-फरोख्त में किसी भी दशा में सरकार को राजस्व की हानि न हो। उन्होंने बड़ी आरसी का मिलान करने, आगामी बैठक में प्रत्येक तहसील के 10 बड़े बकायेदारों की सूचि सम्पूर्ण विवरण सहित प्रस्तुत करने के भी निर्देश उप जिलाधिकारियों को दिये। उन्होंने जनपद में तालाबों की वर्तमान स्थिति यथा-रकबा, नजरिया नक्शा, काबिज लोगों की संख्या, जारी नोटिस, खाली किये गये व्यक्तियों की संख्या आदि की अपडेट लिस्ट तैयार रखने के निर्देश भी राजस्व विभाग के अधिकारियों को दिये।
जिलाधिकारी ने आपदा मद से सम्बन्धित विभागों को तत्काल धनराशि जारी करने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये। जिलाधिकारी ने सीएम हैल्पलाइन पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का समय से निस्तारण करने के भी निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिये।
बैठक में आईएएस ट्रेनी अनामिका, उप जिलाधिकारी, मनीष बिष्ट, अभय प्रताप सिंह, तुषार सैनी, रविन्द्र बिष्ट, सीमा विश्वकर्मा, कौस्तुभ मिश्रा, पूनम पन्त, तहसीलदार यूसुफ अली, नीतू डागर, शुभांगिनी, जगमोहन त्रिपाठी, जिला आपदा प्रबन्धन अधिकारी उमा शंकर नेगी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *