
काशीपुर। आपसी झगड़े में चाकू मारने के बाद उपचार के दौरान हुई एक व्यक्ति की मौत के बाद उसकी पत्नी द्वारा दर्ज कराये गये मुकदमे पर कार्यवाही करती पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार सूत मिल कालोनी निवासी पुनीता देवी पत्नी अरुण कुमार द्वारा बीती 13 अक्टूबर को आईटीआई थाने में तहरीर देकर 8 अक्टूबर की रात्रि आपसी झगड़े में आलम अंसारी पुत्र आस मौहम्मद निवासी ग्राम गौरा थाना आन्दर जिला सिवान बिहार हाल निवासी कचनाल गुंसाई द्वारा उसके पति अरुण कुमार को चाकू मारकर घायल करने तथा 12 अक्टूबर को उपचार के दौरान जौलीग्राण्ट देहरादून में अरुण कुमार की मृत्यु होने की जानकारी दी। तहरीर के आधार पर थाना पुलिस ने धारा 304 आईपीसी के तहत आलम अंसारी के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर विवेचना एसआई दीवान सिंह बिष्ट के सुपुर्द की गयी तथा थाना स्तर से अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु एसआई दीवान सिंह बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गयी। टीम द्वारा अभियुक्त की तलाश व गिरफ्तारी हेतु सम्भावित स्थानों पर तथा अभियुक्त के मूल पते जनपद सिवान बिहार जाकर दबिश दी किन्तु अभियुक्त अलग-अलग स्थानों पर छुपकर लगातार अपनी गिरफ्तारी से बचता रहा। बीते बृहस्पतिवार को पुलिस टीम अभियुक्त की तलाश हेतु जनपद सिवान बिहार गयी तो अभियुक्त अपने घर से फरार मिला। मुखबिर द्वारा सूचना दी गयी कि अभियुक्त कल रात ही उत्तराखण्ड को गया है। जिस पर वापस आकर अभियुक्त की तलाश की गयी और शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर आलम को बहल्ला पुल के समीप से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आलम ने घटना में प्रयुक्त चाकू को कचनाल गुसांई स्थित अपनी झोपड़ी में एक कोने में छिपाये जाना बताया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त आला कत्ल चाकू तथा कपड़े बरामद कर लिये। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना आईटीआई प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसआई दीवान सिंह बिष्ट व कां.नीरज शुक्ला शामिल रहे।
