कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों से वैज्ञानिक व प्राकृतिक खेती अपनाने का किया आह्वान

काशीपुर। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने आज यहां गन्ना प्रेक्षागृह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चैहान के नेतृत्व में आयोजित राष्ट्रव्यापी “खेत बचाओ अभियान” कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, कृषि विशेषज्ञों एवं विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि किसानों की मेहनत और नवीन तकनीकों को अपनाने की सोच ही कृषि क्षेत्र को नई दिशा देने का कार्य कर रही है। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने किसानों से रासायनिक उर्वरकों के संतुलित एवं कम से कम उपयोग का आग्रह करते हुए कहा कि मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए नियमित मृदा परीक्षण कराया जाना आवश्यक है। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किसानों के हित में ड्रैगन फ्रूट, कीवी तथा मिलेट जैसी फसलों को बढ़ावा देने के लिए प्रभावी नीतियां बनाई गई हैं। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के तहत न्याय पंचायत स्तर तक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम चलाकर किसानों और ग्रामीणों को मिट्टी परीक्षण तथा कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान इसका लाभ उठा सकें। कार्यक्रम के दौरान किसानों को मृदा स्वास्थ्य, उर्वरक प्रबंधन एवं आधुनिक कृषि तकनीकों के संबंध में विस्तृत जानकारी भी प्रदान की गई। इस अवसर पर मेयर दीपक बाली, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, जिला विकास अधिकारी सुशील मोहन डोभाल, जिला कृषि अधिकारी विकेश यादव, जिला उद्यान अधिकारी सतीश शर्मा सहित विभागीय अधिकारीगण एवं कृषकगण उपस्थित रहे।
