काशीपुर । उत्तर प्रदेश में भाजपा से गठबंधन करने के बाद उत्तराखण्ड में भी निषाद पार्टी ने अपना संगठन खड़ा कर भाजपा के साथ मिलकर लोगों को न्याय दिलाने का ऐलान किया है। निषाद पार्टी के उत्तराखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष गिरीश चैतन्य यादव ने आज यहां निषाद पार्टी के प्रदेश महामंत्री सुनील छाबड़ा के कार्यालय पर पत्रकारों को बताया कि निषाद पार्टी का उत्तर प्रदेश में भाजपा से गठबंधन है। उत्तर प्रदेश में हमारी पार्टी के डा. संजय कुमार निषाद कैबिनेट मंत्री है तथा कई विधायक है। अब उत्तराखण्ड में भी पार्टीे भाजपा के साथ मिलकर गरीब व निर्बल लोगों को न्याय दिलाने का काम करेगी। श्री यादव ने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चम्पावत से चुनाव लड़ रहे है। उन्हें हमारी पार्टी भारी बहुमत से चुनाव जिताकर भेजेगी। निषाद पार्टी देश के करीब 17 प्रदेशों में अपनी पार्टी बना चुकी है। इस मौके पर पार्टी के दर्जनों लोग मौजूद थे।