अतिक्रमण की चपेट में पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र, व्यापारियों ने प्रशासन से लगाई गुहार

काशीपुर। पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या व्यापारियों के लिए भारी मुसीबत का सबब बनती जा रही है। हालात ऐसे होते जा रहे हैं कि दुकानदार अपने प्रतिष्ठान बंद कर दूसरे क्षेत्र में कारोबार करने को मजबूर हो रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि जब ग्राहक ही दुकानों तक नहीं पहुंच पाएंगे तो व्यापार कैसे चलेगा। उन्होंने कहा कि वह बिजली के पक्के बिल, जीएसटी, आयकर सहित विभिन्न प्रकार के टैक्स और अन्य देनदारियों का नियमित भुगतान कर रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें मूलभूत व्यापारिक सुविधा यानी ग्राहकों की सुगम आवाजाही तक नहीं मिल पा रही है। अतिक्रमण के चलते पुरानी सब्जी मंडी में ग्राहकों का पहुंचना मुश्किल हो गया है, जिससे दुकानदारों का कारोबार लगातार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने नगर निगम और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अतिक्रमण मुक्त काशीपुर की कल्पना तभी साकार होगी, जब पुरानी सब्जी मंडी को भी अतिक्रमण से निजात मिलेगी। व्यापारियों ने सवाल उठाया कि प्रशासन आखिर किस तरह की पुरानी सब्जी मंडी देखना चाहता है अतिक्रमण से घिरी ऐसी मंडी, जहां ग्राहक पहुंच ही न सकें या फिर अतिक्रमण मुक्त व्यवस्थित मंडी, जहां ग्राहक आसानी से पहुंचकर खरीदारी कर सकें और व्यापारियों का कारोबार भी खुशहाल हो सके।
