काशीपुर। कुंडा थाना क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत युवक की देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आकर मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने क बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम दतौली थाना हयातनगर जनपद संभल उत्तर प्रदेश तथा हाल हरियावाला थाना कुंडा निवासी 30 वर्षीय राजवीर सिंह पुत्र इंद्रपाल सिंह यहां हरियावाला स्थित पशुपति पॉलिटेक्स नामक फैक्ट्री के मेंटेनेंस डिपार्टमेंट में वेल्डर के पद पर कार्य करता था। मंगलवार की रात ड्यूटी करने के बाद वह बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकला। इस बीच हरियावाला कुंडा लिंक रोड पर गोयनका स्कूल के निकट अज्ञात वाहन की चपेट में आकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की ऽसूचना रात्रि लगभग 11 बजे पुलिस द्वारा परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया। मृतक के एक 4 वर्ष का लड़का वंश तथा 7 वर्ष की लड़की अंजली है। घटना के बाद से उसकी पत्नी गीता समेत परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। परिजनों ने बताया कि मृतक पिछले लगभग 9 वर्ष से फैक्ट्री में कार्यरत था।