सड़क किनारे युवती का शव मिलने से मचा हड़कंप

काशीपुर। कोतवाली क्षेत्रांतर्गत रामनगर रोड पर धनौरी में सड़क किनारे 18 वर्षीय एक स्कूली छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका की पहचान श्यामपुरम, डिफेंस कालोनी, आईटीआई कोतवाली क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय कांति पुत्री गुच्ची झा के रूप में हुई है।
मृतका की मां बिंदुल देवी के अनुसार, उनका परिवार मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले का निवासी है और पिछले 22 वर्षों से काशीपुर में रह रहा है। मृतका ने इसी वर्ष पंडित गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज से हाईस्कूल पास किया था। मृतका की मां का आरोप है कि करीब छह महीने पहले कांति रम्पुरा निवासी जॉनी नाम के युवक के संपर्क में आई थी। जॉनी ने कांति को मॉडलिंग में करियर बनाने का झांसा दिया था, जिसके बाद से घर में लगातार तनाव और विवाद रहने लगा था। परिजनों के मुताबिक, 5 जुलाई को कांति के जन्मदिन पर भी इस बात को लेकर घर में विवाद हुआ था। फिलहाल पुलिस ने परिजनों के आरोपों के आधार पर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है। कोतवाल हरेंद्र चौधरी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
