श्रद्धापूर्वक मनाई पूर्व दर्जमंत्री मुकेश मेहरोत्रा की पुण्यतिथि

काशीपुर। उत्तराखंड सरकार में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री एवं काशीपुर नगर पालिका परिषद के भूतपूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा की छठी पुण्यतिथि बुधवार को बाजपुर रोड स्थित उनके प्रतिष्ठान हीरो एंटरप्राइजेज में श्रद्धा के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, व्यापारियों, राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों सहित बड़ी संख्या में नगरवासियों ने पहुंचकर स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा के सामाजिक, राजनीतिक एवं जनसेवा से जुड़े योगदानों को याद किया। श्रद्धांजलि सभा के पश्चात खिचड़ी एवं शीतल जल सेवा का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की। इस अवसर पर स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा के सुपुत्र अर्पित मेहरोत्रा ने कहा कि उनके पिता का संपूर्ण जीवन समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों के लिए समर्पित रहा। अर्पित मेहरोत्रा ने बताया कि अपने पिता की स्मृति को जीवंत बनाए रखने और उनके सेवा भाव को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से एक फाउंडेशन की स्थापना की गई है। यह फाउंडेशन निर्धन एवं जरूरतमंद लोगों की सहायता, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यों के लिए समर्पित रहेगा। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अलका पाल ने कहा कि स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा काशीपुर की आन, बान और शान थे। अलका पाल ने कहा कि स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा का व्यक्तित्व अत्यंत सरल, सौम्य एवं मिलनसार था। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा के बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
One attachment • Scanned by Gmail
